
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी स्थित टेक्निया इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज (TIAS) में 79वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। संस्थान के प्रांगण में तिरंगे की शान, राष्ट्रगान की गूंज और देशभक्ति के जोश ने एक ऐसा वातावरण निर्मित किया जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशासनिक स्टाफ और अतिथियों ने राष्ट्रप्रेम की एक नई ऊर्जा का अनुभव किया। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
टेक्निया ग्रुप के चेयरमैन डॉ. राम कैलाश गुप्ता ने अपने बधाई संदेश में कहा कि “स्वतंत्रता दिवस केवल एक ऐतिहासिक तिथि नहीं, बल्कि यह हमारे लिए आत्मनिरीक्षण और संकल्प का दिन है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक का निर्माण है।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं, डिजिटल नवाचार, सामाजिक सुधार और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बनें।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं संस्थान के निदेशक डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुई। जैसे ही तिरंगा लहराया, समूचे परिसर में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत “जन गण मन” की गूंज फैल गई। सभी ने खड़े होकर सम्मानपूर्वक राष्ट्रगान गाया और देश की अखंडता, एकता और संप्रभुता की रक्षा का प्रण किया। अपने संबोधन में डॉ. अजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह एक सतत जिम्मेदारी है, जिसे हमें आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना है। उन्होंने छात्रों को तकनीकी शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि आज की युवा शक्ति को देश की प्रगति के लिए नवाचार, उद्यमिता और नैतिक मूल्यों को साथ लेकर चलना होगा।
संस्थान के डीन प्रो. (डॉ.) एम. एन. झा ने स्वतंत्रता दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज का दिन उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का है, जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के देश को आजाद कराने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं और डिजिटल युग में भी भारतीय संस्कृति और मूल्यों को संरक्षित रखें।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीत, नृत्य नाटिका और कविता पाठ ने उपस्थित सभी लोगों के हृदय को छू लिया। “वंदे मातरम्”, “ए वतन मेरे वतन” और “तेरी मिट्टी में मिल जावां” जैसे गीतों की धुनों ने वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बी.कॉम (ऑनर्स) के छात्रों ने स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित एक लघु नाट्य प्रस्तुति दी, जिसमें भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई और महात्मा गांधी जैसे नायकों के जीवन संघर्ष को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया।
एम.बी.ए. विभाग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य “जन-जन का भारत” ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता के संदेश को मंच पर साकार कर दिया। बी.जे.एम.सी. विभाग की छात्रा ने “स्वतंत्रता और जिम्मेदारी” विषय पर प्रेरक भाषण दिया, जिसमें उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज का युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति है और उसकी दिशा तय करेगी कि भारत का भविष्य कैसा होगा। संस्थान ने “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत छात्रों और स्टाफ को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए, ताकि हर कोई अपने घर पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता का उत्सव मना सके। इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत परिसर में और आस-पास के क्षेत्रों में नीम, पीपल, अशोक और अमलतास के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस पहल का उद्देश्य न केवल जरूरतमंद मरीजों की मदद करना था, बल्कि समाज में सेवा भाव और सहयोग की संस्कृति को भी बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने स्वेच्छा से भाग लिया और देशभक्ति के रंग में रंगे परिधान पहने। परिसर में तिरंगे रंग के गुब्बारे, झंडियां और पोस्टर सजाए गए थे, जिससे वातावरण और भी भव्य हो गया।
संस्थान के पत्रकारिता एवम जनसंचार विभाग ने स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख पड़ावों, स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन चित्रों और आजादी के बाद भारत की प्रगति पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी को छात्रों और आगंतुकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और जय हिंद के उद्घोष के साथ हुआ। सभी ने एक स्वर में भारत की समृद्धि, एकता और गौरव के लिए योगदान देने का संकल्प लिया।
संस्थान के पत्रकारिता एवम जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिवेन्दु राय ने कहा कि टेक्निया इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज का सदैव प्रयास रहा है कि वह न केवल उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करे, बल्कि छात्रों में नैतिकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी विकसित करे। स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर इन मूल्यों को और अधिक मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं कि वे अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग देश की भलाई के लिए करें।


